सलमान खान 5 साल की सजा के खिलाफ 5 मिनट में दे गए कोर्ट में हाजिरी

कांकाणी हिरण शिकार प्रकरण में दोषी पाए जाने के बाद सुनाई गई पांच साल की सजा के खिलाफ फिल्म अभिनेता सलमान खान की अपील पर सोमवार को जोधपुर सेशन कोर्ट में सुनवाई हुई. सुनवाई के दौरान सलमान खान कोर्ट में व्यक्तिगततौर पर पेश हुए. हालांकि इस मामले में सोमवार को बहस शुरू नहीं हो सकी. अदालत ने मामले पर सुनवाई के लिए अब 17 जुलाई के समय मुकर्रर किया है. सलमान पांच मिनट कोर्ट में रुके और सुनवाई के दौरान सलमान की बहन अलवीरा भी मौजूद रहीं.
सलमान खान सुबह 8 बजकर 27 मिनट पर सेशन कोर्ट पहुंचे और व्यक्तिगत रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई. हालांकि सलमान खान की अपील पर सुनवाई के लिए समय निर्धारण था, लेकिन सलमान खान के अधिवक्ता ने कहा कि पहले से भी कई अपील पेंडिंग हैं और ऐसा कोई अर्जेंट मैटर नहीं है. ऐसे में कोर्ट ने इस मामले में आगामी सुनवाई के लिए 17 जुलाई का समय मुकर्रर किया. सलमान 8 बजकर 32 मिनट पर कोर्ट से बाहर निकल होटल के लिए चले गए. कोर्ट रूम में सलमान महज 5 मिनट रुके. आगामी सुनवाई के दौरान सलमान खान के अधिवक्ता अपील पर बहस शुरू कर सकते हैं.
5 अप्रैल को सलमान को हुई थी 5 साल की सजा
पांच अप्रैल को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जोधपुर जिला के पीठासीन अधिकारी देवकुमार खत्री ने करीब दो दशक पुराने काला हिरण शिकार प्रकरण में फिल्म अभिनेता सलमान खान को दोषी करार देते हुए पांच साल की सजा सुनाई थी. इसके साथ ही दस हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया था. वहीं इस मामले में सहआरोपी अभिनेता सैफ अली खान और अभिनेत्री नीलम, सोनाली व तब्बू को संदेह के लाभ पर बरी कर दिया था. सजा सुनाने के बाद सलमान खान को हिरासत में ले लिया गया था. उसके बाद वह सात अप्रैल तक जेल में रहे. सात अप्रैल को जिला एवं सत्र न्यायालय ने सलमान खान के खिलाफ सुनाई गई निचली अदालत की सजा पर रोक लगाते हुए उन्हें सशर्त जमानत दे दी थी.
सशर्त जमान पर हुए जेल से रिहा
जमानत मिलने के बाद सलमान खान को जोधपुर की सेंट्रल जेल से रिहा कर दिया गया था. सेशन न्यायाधीश रविन्द्र कुमार जोशी ने सलमान को 25-25 हजार के दो मुचलके पर जमानत दी. साथ ही फिल्म अभिनेता को अदालत की अनुमति बिना विदेश जाने पर पाबंद किया था.

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar