यूपी चुनाव: 5वें चरण के 11 जिलों की 51 सीटों पर मतदान शुरु

लखनऊ:सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त के बीच उत्तर प्रदेश राज्य विधानसभा चुनाव पांचवें चरण में आज 11 जिलों की 51 सीटों पर मतदान सुबह 7 बजे शुरु हो गया। इस चरण में अयोध्या और अमेठी जैसी संवेदनशील सीटों पर मतदान चल रहा है। मतदान शुरु होने से पहले ही मतदान केन्द्रों पर चहल पहल शुरु हो गई थी। मतदाताओं की कतारें लग गई थीं। इन कतारों में महिलाओं की संख्या भी पर्याप्त थी, हालांकि कई मतदान केन्द्र सूने भी देखे गए। मतदान शुरु होने के समय अम्बेडकरनगर के एक मतदान केन्द्र पर इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन में गड़बड़ी आई लेकिन इसे समय रहते ठीक कर लिया गया। मतदान पर कोई फर्क नहीं पड़ा।

दोनों पार्टियों के समर्थक गठबन्धन को लेकर दुविधा में
अम्बेडकरनगर की आलापुर(सु) सीट पर भी आज ही मतदान होना था लेकिन बसपा प्रत्याशी की मृत्यु हो जाने की वजह से इस क्षेत्र का चुनाव स्थगित कर दिया गया है। वहां अब 9 मार्च को वोट डाले जाएंगे। इस चरण में समाजवादी पार्टी(सपा)-कांग्रेस गठबंधन का खासतौर पर लिटमस टेस्ट होगा क्योंकि इस चरण में जिन सीटों पर मतदान होना है उनमें करीब 80 प्रतिशत पर इन्ही दलों का कब्जा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस चरण में बस्ती, बहराइच और गोंडा में जनसभाओं को संबोधित किया। अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी प्रचार में कोई कसर नहीं छोड़ी। सपा-कांग्रेस गठबंधन के प्रत्याशी अमेठी और गौरीगंज विधानसभा सीटों पर आमने-सामने हैं। इससे दोनों पार्टियों के समर्थक गठबन्धन को लेकर दुविधा में हैं। कांग्रेस ने 11 जिलों में से सात जिलों में कोई प्रत्याशी चुनाव मैदान में नहीं उतारा है जिसमें फैजाबाद, अंबेडकरनगर, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, बस्ती और बहराइच शामिल हैं।

अमेठी सीट के त्रिकोणीय मुकाबले पर सभी की निगाहें
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, बहुजन समाज पार्टी(बसपा) अध्यक्ष मायावती, भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह, सपा अध्यक्ष एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तथा कई केन्द्रीय मंत्रियों ने अपनी पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभाओं को संबोधित किया। इस चरण के चुनाव में सभी की निगाहें अमेठी विधानसभा सीट पर ज्यादा लगी हैं जहां पर त्रिकोणीय मुकाबला है। इस सीट से कांग्रेस नेता संजय सिंह की पहली पत्नी गरिमा सिंह भाजपा से और दूसरी पत्नी अमिता सिंह कांग्रेस के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं। सपा सरकार के बहुचर्चित मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति ने अमेठी सीट के चुनाव को रोचक बना दिया है।

पांचवे चरण में 608 प्रत्याशी चुनाव मैदान में
भाजपा और कांग्रेस को 5-5 सीटें मिली थीं जबकि बसपा को 3 और पीस पार्टी को 2 सीटें हासिल हुई थीं। श्रावस्ती, बलरामपुर, सुल्तानपुर और अंबेडकरनगर में सपा प्रत्याशियों ने हर सीट पर जीत दर्ज की थी। पांचवे चरण में 608 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। अमेठी में सबसे अधिक 24 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। सबसे कम 6 उम्मीदवार सिद्धार्थनगर की कपिलवस्तु और इटवा सीट पर हैं।  उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पांचवे चरण के तहत 51 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रचार शाम खत्म हो गया था। इस चरण के प्रचार में राजनीतिक दलों की आेर से ‘गधा, कसाब और कबूतर’ जैसे शब्द का जमकर इस्तेमाल किया गया था।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने