किन्नर बनकर वसूली का आरोप, विरोध पर चाकू निकालने से मचा हड़कंप
विजयनगर में हंगामा, तालाब से युवक को निकालकर पुलिस ने हिरासत में लिया
जबलपुर। सच की दुनिया। लॉर्डगंज थाना क्षेत्र स्थित विजयनगर के आदि प्लाजा के सामने बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब किन्नर का रूप धारण कर कथित तौर पर अवैध वसूली करने वाले एक युवक और किन्नर समुदाय के लोगों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
वसूली को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, एक युवक पर किन्नर का रूप धारण कर लोगों से अवैध रूप से पैसे वसूलने का आरोप है। जब इसकी जानकारी किन्नर समुदाय के लोगों को लगी तो उन्होंने युवक को पकड़कर इसका विरोध किया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
विरोध करने पर चाकू निकालने का आरोप
किन्नर समुदाय के लोगों का आरोप है कि युवक ने विरोध किए जाने पर चाकू निकाल लिया और हमला करने की कोशिश की। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। युवक वहां से भागकर सड़क किनारे बने तालाब में जा घुसा।
- विजयनगर के आदि प्लाजा के सामने हुआ विवाद।
- किन्नर का रूप धारण कर अवैध वसूली करने का आरोप।
- विरोध करने पर चाकू से हमला करने की कथित कोशिश।
- मौके से भागकर तालाब में घुसा युवक।
- पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया।
तालाब से बाहर निकालने में करनी पड़ी मशक्कत
घटना की सूचना मिलते ही लॉर्डगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद युवक को तालाब से बाहर निकाला और हिरासत में ले लिया। इस दौरान घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
किन्नर समुदाय के लोगों ने युवक पर अवैध वसूली और चाकू से हमला करने की कोशिश का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।
सच के साथ, खबरों की दुनिया



पाठक प्रतिक्रियाएं
अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं है।