बालाघाट। महाराष्ट्र के नागपुर में हुई 3.74 करोड़ रुपये की बड़ी लूट के मामले में पुलिस जांच मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले तक पहुंच गई है। मंगलवार सुबह नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम एक आरोपी को लेकर डोरली गांव पहुंची। आरोपी की निशानदेही पर एक खेत में पैरे के ढेर के भीतर छिपाकर रखी गई नकदी की तीन बोरियां बरामद की गईं।
बड़ी खबर: बरामद नकदी चार करोड़ रुपये से अधिक होने की शुरुआती चर्चा है। हालांकि, नोटों की गिनती पूरी होने के बाद ही वास्तविक रकम की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
परिचित के खेत में छिपाई गई थीं नोटों की बोरियां
जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने करीब चार दिन पहले नकदी को तीन बोरियों में भरकर डोरली गांव में अपने एक परिचित के खेत में छिपा दिया था। बोरियों को पैरे के ढेर के भीतर रखा गया था, ताकि किसी को उनके बारे में जानकारी न मिल सके।
मंगलवार सुबह नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी को लेकर गांव पहुंची। आरोपी की निशानदेही पर खेत में तलाशी ली गई, जहां से नकदी से भरी तीनों बोरियां बरामद हुईं।
ग्राम पंचायत भवन में नोटों की गिनती
खेत से बरामद नकदी को ग्राम पंचायत डोरली में रखा गया है। यहां क्राइम ब्रांच की टीम नोटों की गिनती कर रही है। लूट की रकम 3.74 करोड़ रुपये बताई गई थी, जबकि बरामद रकम चार करोड़ रुपये से अधिक होने की चर्चा सामने आई है।
ऐसे में लूटी गई राशि और बरामद नकदी के बीच संभावित अंतर को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, आधिकारिक गिनती पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
18 नवंबर को नागपुर में हुई थी करोड़ों की लूट
नागपुर के तुलसी नगर इलाके में 18 नवंबर की रात हथियारबंद बदमाशों ने व्यापारी सुरेश परमार के कर्मचारियों से नकदी से भरी कार लूट ली थी। बताया गया कि कार में 3.74 करोड़ रुपये रखे हुए थे।
वारदात के बाद बदमाश कार को कामठी रोड के खैरी इलाके में छोड़कर नकदी लेकर फरार हो गए थे। इसके बाद नागपुर पुलिस आरोपियों और लूटी गई रकम की तलाश में जुट गई थी।
बालाघाट तक कैसे पहुंची लूट की रकम?
डोरली गांव में नकदी बरामद होने के बाद पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि लूट की रकम बालाघाट तक कैसे पहुंचाई गई और इस मामले में अन्य लोगों की क्या भूमिका रही। बरामद नोटों की गिनती पूरी होने के बाद मामले में और जानकारी सामने आने की संभावना है।
खबरों की सच्चाई, जनता की आवाज



पाठक प्रतिक्रियाएं
अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं है।