नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर राजधानी दिल्ली में विपक्ष का आंदोलन बुधवार को और तेज हो गया। INDIA गठबंधन के सांसदों के साथ राहुल गांधी प्रदर्शन पर डटे रहे, जबकि विरोध के दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा सड़क पर लेट गईं। पुलिस और प्रदर्शनकारी नेताओं के बीच कई बार तनातनी की स्थिति भी बनी।
राहुल गांधी जंतर-मंतर पर जाकर प्रदर्शन करने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस अधिकारी उन्हें समझाने की कोशिश करते दिखाई दिए। राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की वैधता पर सवाल उठाते हुए उनके पद छोड़ने की मांग दोहराई।
सड़क पर लेटीं प्रियंका गांधी
प्रदर्शन के दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा सड़क पर लेट गईं। उन्होंने पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि सांसदों के साथ बल प्रयोग किया गया। राहुल और प्रियंका के साथ विपक्ष के कई सांसद भी प्रदर्शन में शामिल रहे।
प्रदर्शन से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से INDIA गठबंधन के सांसदों के लिए लंच आयोजित किया गया। इसके बाद विपक्षी नेता फिर विरोध-प्रदर्शन के लिए आगे बढ़े।
एक दिन पहले चुनाव आयोग तक मार्च की हुई थी कोशिश
मंगलवार को INDIA गठबंधन के सांसदों ने संसद से निर्वाचन आयोग के मुख्यालय तक मार्च करने की कोशिश की थी। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर मार्च को आयोग के कार्यालय तक पहुंचने से पहले ही रोक दिया था और कई नेताओं को हिरासत में लिया गया था।
आकाशवाणी भवन में करीब आठ घंटे चला था धरना
मार्च रोके जाने के बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कुछ अन्य नेता आकाशवाणी भवन परिसर पहुंचे और वहां करीब आठ घंटे तक धरने पर बैठे रहे। बाद में दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर परिसर खाली कराया।
आकाशवाणी भवन परिसर में प्रवेश और धरने के घटनाक्रम को लेकर दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। विपक्ष ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए अपना आंदोलन जारी रखने की बात कही है।
विपक्ष के आरोप, चुनाव आयोग का अलग पक्ष
विपक्ष मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और कथित चुनावी अनियमितताओं को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त पर सवाल उठा रहा है। वहीं निर्वाचन आयोग ने मंगलवार के घटनाक्रम पर कहा था कि शाम 4 बजे तक मुलाकात के लिए कोई अनुरोध प्राप्त नहीं हुआ था और बाद में सांसदों की ओर से संसद भवन एनेक्सी में बैठक की इच्छा की जानकारी मिली, जिसे आयोग ने तय प्रोटोकॉल से अलग बताया।
लगातार दूसरे दिन हुए घटनाक्रम के बाद चुनाव आयोग को लेकर विपक्ष और संवैधानिक संस्था के बीच टकराव और गहरा गया है। विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहा है, जबकि पुलिस प्रदर्शन और कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी कार्रवाई कर रही है।



पाठक प्रतिक्रियाएं
अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं है।