सूपाताल तालाब में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका से सनसनी
तालाब में शव मिलने से मचा हड़कंप
जबलपुर। संस्कारधानी के गढ़ा थाना क्षेत्र स्थित सूपाताल तालाब में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब स्थानीय लोगों ने पानी में एक युवक का शव उतराता हुआ देखा। सूचना मिलते ही गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया।
मृतक की पहचान बीटी तिराहा निवासी 32 वर्षीय अमर सिंह के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में मामला डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों के आरोपों ने पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध बना दिया है।
परिजनों ने लगाए हत्या के गंभीर आरोप
मौके पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने पुलिस के सामने हत्या की आशंका जताते हुए चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि रविवार रात अमर सिंह अपने कुछ दोस्तों के साथ घर से निकला था। आरोप है कि किसी बात को लेकर दोस्तों ने पहले उसके साथ मारपीट की और बाद में उसे तालाब में फेंक दिया, ताकि साक्ष्य भी मिट जाएं और मौत को हादसा बताया जा सके।
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए गढ़ा थाना पुलिस बेहद सतर्कता के साथ जांच कर रही है। शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल डूबने और हत्या दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
आखिरी बार साथ दिखे लोगों से पूछताछ
पुलिस ने बताया कि मृतक के साथ आखिरी बार देखे गए लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच अधिकारी सभी तथ्यों और साक्ष्यों को खंगाल रहे हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह हादसा था या फिर सुनियोजित हत्या।
