वेतन भुगतान में देरी से भड़के विक्टोरिया अस्पताल के कर्मचारी, अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू

वेतन भुगतान में देरी से नाराज विक्टोरिया अस्पताल के आउटसोर्स कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर

जबलपुर। वेतन भुगतान में लगातार हो रही देरी से नाराज विक्टोरिया अस्पताल के आउटसोर्स कर्मचारियों ने सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। मध्य प्रदेश संविदा आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में धरना प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।



तीन माह से नहीं मिला वेतन

कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिला है, जिसके कारण उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारियों का कहना है कि परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो गया है। बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया, जिससे मजबूर होकर उन्हें हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा।

पूर्व विधायक विनय सक्सेना ने दिया समर्थन

हड़ताल की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक विनय सक्सेना कर्मचारियों के बीच पहुंचे और उनकी मांगों का समर्थन किया। उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार श्रम कानूनों और कर्मचारियों के अधिकारों की अनदेखी कर रही है, जिससे स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।

सीएमएचओ ने दिया जल्द भुगतान का आश्वासन

सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी ने कर्मचारियों की मांगों पर प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि फरवरी माह का वेतन जारी कर दिया गया है। वहीं मार्च माह का वेतन भी अगले एक-दो दिनों में कर्मचारियों के खातों में पहुंच जाएगा। उन्होंने कहा कि ठेका कंपनी को अप्रैल माह का वेतन भी जल्द जारी करने के निर्देश दिए जाएंगे।

डॉ. कोठारी ने यह भी कहा कि कर्मचारियों की अन्य मांगों के संबंध में शासन को पत्र भेजा जा रहा है, ताकि उनका उचित निराकरण किया जा सके।

स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ सकता है असर

विक्टोरिया अस्पताल में बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मचारी विभिन्न सेवाओं में कार्यरत हैं। ऐसे में कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से अस्पताल की व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि प्रशासन ने जल्द समाधान का भरोसा दिलाया है।

कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी लंबित मांगों का समाधान नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने