सरकारी शव वाहन से बकरियां चोरी! अस्पताल ड्राइवर गिरफ्तार, 6 बकरियां बरामद
आधी रात को गांव पहुंचा सरकारी शव वाहन
मामला गुढ़ थाना क्षेत्र के पोखरा गांव का है। जानकारी के अनुसार 28 मई की रात एक परिवार अपने घर के अंदर सो रहा था, जबकि उनकी छह बकरियां घर के बाहर बंधी हुई थीं। इसी दौरान संजय गांधी अस्पताल का ड्राइवर राजेश मिश्रा अपने साथियों के साथ सरकारी शव वाहन लेकर गांव पहुंचा।
शुरुआत में ग्रामीणों को लगा कि यह कोई सरकारी वाहन है, इसलिए किसी को कोई शक नहीं हुआ। लेकिन जब आरोपियों ने बकरियों को वाहन में लादना शुरू किया, तो घरवालों की नींद खुल गई। ग्रामीणों ने वाहन का पीछा भी किया, लेकिन आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे।
ग्रामीणों की सूचना से खुला पूरा मामला
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने गुढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि चोरी में एम्बुलेंस जैसी दिखने वाली एक सरकारी गाड़ी का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस ने मिले सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और संजय गांधी अस्पताल के ड्राइवर राजेश मिश्रा तक पहुंच गई।
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने अन्य आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी है।
सीधी जिले से बरामद हुईं छह बकरियां
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई सभी छह बकरियों को सीधी जिले के रामपुर नैकिन क्षेत्र के पिपराव गांव से बरामद कर लिया। बरामद बकरियों को सुरक्षित उनके मालिकों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
