एक्स गर्लफ्रेंड को नहीं भूला आशिक, बीच सड़क पर बरसाए चाकू

भोपाल में सनसनी: एक्स गर्लफ्रेंड पर सरेराह चाकू से ताबड़तोड़ हमला, बचाने आई बहन भी हुई घायल

भोपाल। राजधानी भोपाल के छोला मंदिर थाना क्षेत्र अंतर्गत शंकर नगर इलाके में मंगलवार शाम एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई। एक युवक ने अपनी एक्स गर्लफ्रेंड को बीच सड़क पर रोककर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने युवती के चेहरे, गर्दन, पीठ और हाथों पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

बचाने आई सगी बहन पर भी किया हमला

घटना के दौरान जब पीड़िता की चीख-पुकार सुनाई दी तो उसकी सगी बहन उसे बचाने के लिए दौड़कर मौके पर पहुंची। लेकिन आरोपी का गुस्सा इतना ज्यादा था कि उसने बहन पर भी हमला कर दिया। चाकू के वार से उसका गाल गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी बेहद क्रूरता के साथ दोनों बहनों पर हमला कर रहा था। शंकर नगर जैसे व्यस्त इलाके में लोगों की भीड़ जुटने लगी तो आरोपी मौके से फरार हो गया। इसके बाद दोनों घायल बहनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पूर्व प्रेमिका की हालत गंभीर बताई जा रही है।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

घटना की सूचना मिलते ही छोला मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली है। फुटेज में आरोपी का चेहरा स्पष्ट दिखाई दे रहा है, जिसके आधार पर उसकी तलाश की जा रही है।

प्रेम प्रसंग और ब्रेकअप से जुड़ा मामला

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और युवती के बीच पहले प्रेम संबंध थे। हाल ही में दोनों का ब्रेकअप हो गया था। पुलिस के अनुसार किसी विवाद के चलते दोनों अलग हुए थे और इसी रंजिश के चलते आरोपी ने हमला किया।

फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना ने राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

भोपाल की इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar