`
```
नकली सोने के बिस्किट बेचकर लाखों की ठगी, आलीराजपुर पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा
आलीराजपुर। नकली सोने के बिस्किट बेचकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले तीन आरोपियों को आलीराजपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की राशि में से 70 हजार रुपये नकद, सोने जैसे दिखने वाले दो नकली बिस्किट और एक वेट मशीन बरामद की है। मामले का खुलासा होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
वनरक्षक को बनाया ठगी का शिकार
पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया ने बताया कि फरियादी बापूसिंह बघेल (32), निवासी चमारबेगड़ा हाल मुकाम तालाब फलिया आलीराजपुर, वन विभाग में वनरक्षक के पद पर पदस्थ हैं। मजदूरी कार्य के दौरान उनकी पहचान झाबुआ निवासी दिवान नामक व्यक्ति से हुई थी। दिवान ने उन्हें विश्वास में लेते हुए बताया कि उसके मित्र को पुराने मकान की खुदाई के दौरान सोने के बिस्किट मिले हैं जिन्हें बेचना है।
2.90 लाख रुपये लेकर थमाए नकली बिस्किट
शुरुआत में बापूसिंह ने खरीदने से इनकार कर दिया, लेकिन आरोपी लगातार फोन कर उन्हें भरोसे में लेते रहे। 26 मई 2026 को उन्हें आम्बुआ रोड स्थित उण्डवा फाटे के पास बुलाया गया, जहां राकेश बिलवाल और एक महिला ने 777 अंक उकेरे हुए दो कथित सोने के बिस्किट दिखाए। आरोपियों ने असली सोना बताकर उनसे 2 लाख 90 हजार रुपये ले लिए।
सोनार की जांच में खुला पूरा राज
बाद में जब बापूसिंह ने बिस्किटों की जांच एक सोनार से कराई तो पता चला कि दोनों बिस्किट नकली हैं। इसके बाद उन्होंने तत्काल कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 252/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल एवं एसडीओपी आलीराजपुर के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर धार और झाबुआ जिलों में दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में राकेश पिता रमेश बिलवाल (25) निवासी ग्राम पीपली थाना कालीदेवी, पांगलीबाई पति राकेश बिलवाल (34) निवासी ग्राम पीपली तथा कालू पिता रामचंद वसुनिया (53) निवासी ग्राम छापरी थाना राणापुर शामिल हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य संभावित कड़ियों की भी जांच की जा रही है।
नकली सोने का झांसा देकर लाखों की ठगी, पुलिस ने तीन शातिर आरोपियों को किया गिरफ्तार
