किसान पर दिनदहाड़े गोलीकांड: खेत जा रहे धर्मेंद्र रैकवार को मारी गोली, हालत गंभीर


जबलपुर में किसान पर दिनदहाड़े गोलीकांड

खेत जा रहे किसान को मारी गोली, गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती

पुरानी रंजिश ने लिया खूनी रूप, आरोपी फरार

जबलपुर जिले के पाटन थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक किसान पर दिनदहाड़े गोली चलाकर जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम खमदेही निवासी किसान धर्मेंद्र रैकवार को एक युवक ने गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र रैकवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे अपने खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान गांव के बाहर बाइक से पहुंचे एक युवक ने उसे रोक लिया। दोनों के बीच पहले बातचीत हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया। बहस के दौरान आरोपी ने देशी कट्टा निकाला और धर्मेंद्र पर फायर कर दिया।

गोली लगते ही जमीन पर गिरा किसान

गोली सीधे धर्मेंद्र के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल किसान को तत्काल पाटन स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर कर दिया।

छह महीने पुराना विवाद बना हमले की वजह

घायल किसान धर्मेंद्र रैकवार ने पुलिस को बताया कि लगभग छह महीने पहले उसका आरोपी रामनारायण पटेल के खेत में काम करने वाले कर्मचारियों से विवाद हुआ था। उस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट भी हुई थी।

धर्मेंद्र का आरोप है कि उसी पुराने विवाद और रंजिश के चलते आरोपी ने बदला लेने की नीयत से उस पर हमला किया। पुलिस इस बयान को जांच का महत्वपूर्ण आधार मानकर मामले की पड़ताल कर रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार तनाव की स्थिति बन चुकी थी। पुलिस पुराने विवादों और शिकायतों की जानकारी भी जुटा रही है।

पुलिस ने बनाई विशेष टीम

पाटन थाना प्रभारी गोपेंद्र सिंह बघेल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी दुश्मनी से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। घटना के समय धर्मेंद्र गांव में बने नए सामुदायिक केंद्र पर पानी डालने के लिए रुका था, तभी आरोपी वहां पहुंचा और गोली चला दी।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है तथा घटना से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों को खंगालने में जुटी हुई है।

किसान पर गोलीकांड | पुरानी रंजिश का आरोप | आरोपी की तलाश जारी

```

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने