फिल्म 'स्पेशल 26' की तरह लाखों की ठगी, सीबीआई अधिकारी बनकर पहुंचे बदमाश



दिल्ली: दिल्ली के एक ज्वैलर्स शोरूम में करीब दर्जन भर बदमाशों ने बॉलीवुड फिल्म ‘स्पेशल 26’ की तर्ज पर ठगी को अंजाम दिया है. सीबीआई अधिकारी बनकर पहुंचे बदमाशों ने पहले शोरूम को सील करने की धमकी दी और बाद में समझौता करते हुए शोरूम से 40 लाख रुपये नगद और करीब आधा किलो सोना लेकर फरार हो गए. जाते जाते बदमाश शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी ले गए थे. यह वारदात पिछले महीने 17 अप्रैल का है.

हालांकि शिकायत के आधार पर पुलिस ने अब मामले का खुलासा कर दिया है. पुलिस के मुताबिक अभी इस गिरोह के चार बदमाशों की गिरफ्तारी हो सकी है. बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगतार दबिश जारी है. दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच के मुताबिक 17 अप्रैल की दोपहर बाद करीब एम महिला समेत करीब दर्जन भर लोग ज्वैलर हरप्रीत सिंह की दुकान में घुस आए थे. इन बदमाशों ने हरप्रीत पर सोने के अवैध कारोबार का आरोप लगाया और दुकान को सील करने की धमकी दी.

इसी दौरान आरोपियों ने उन्हें समझौते का आफर दिया और 40 लाख रुपये नगद और आधा किलो सोना लेकर चलते बने. हरप्रीत ने बताया कि जाते जाते बदमाश जब उनके सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी निकाल लिए तो उन्हें शक हुआ और उन्होंने तुरंत मामले की जानकारी पुलिस को दी. इसके बाद पुलिस ने इस शोरूम के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. इसमें छह आरोपियों की पहचान हो गई. इसके बाद पुलिस ने लगातार पीछा करते हुए इनमें से चार आरोपियों को धर दबोचा है.

पकड़े गए आरोपियों की पहचान संदीप भटनागर, पवन गुप्ता, योगेश कुमार और हिमांशु के रूप में हुई है. पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनमें संदीप भटनागर गिरोह का मास्टरमाइंड और सरगना है. उसने फिल्म स्पेशल-26 देखने के बाद गिरोह में प्लान शेयर किया और उसने अपने साथियों, पवन गुप्ता, हिमांशु और योगेश शर्मा और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर अपराध की योजना बनाई. वारदात के वक्त संदीप भटनागर ने ही खुद को सीबीआई का अधिकारी बताते हुए ज्वैलर से बातचीत की थी. आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि इस वारदात को अंजाम देने के लिए उन लोगों ने काफी मेहनत की थी. इसके लिए वॉकी टॉकी और आईकार्ड आदि की व्यवस्था की गई थी.

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने