दिल्ली पुलिस ने कार चोरी और शराब की तस्करी पर एक बड़ी कार्रवाई में लग्जरी कारों की चोरी करने और उन्हें देश के विभिन्न हिस्सों में खरीदारों को बेचने में शामिल एक गिरोह का भंडाफोड़ करने के बाद चार लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि खरीदारों में से एक फरीदाबाद के सुमित अनंगपुर के नेतृत्व में एक शराब माफिया समूह था, जिसने लगभग 20 लाख रुपये की चोरी की लग्जरी कारें सिर्फ 3-4 लाख रुपये में खरीदीं और उनका इस्तेमाल एजेंसियों को चकमा देकर विदेशी शराब को बिहार ले जाने के लिए किया।
अधिकारी ने कहा कि फरीदाबाद, मेरठ, जमशेदपुर, कोलकाता, आसनसोल और गोपालगंज में सिलसिलेवार छापेमारी के बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान फरीदाबाद निवासी कपिल भड़ाना, ग्रेटर नोएडा निवासी सामी चौहान, मेरठ निवासी याहया उर्फ सदाब और कोलकाता निवासी नौसाद संसूम शेख उर्फ राजू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, यह मामला 2 मार्च को सामने आया था। पुलिस को बिहार में लग्जरी कारों का उपयोग करके आयातित विदेशी शराब की आपूर्ति करने की विशेष जानकारी मिली थी। जिसके बाद किआ सेल्टोस कार के साथ कपिल को गिरफ्तार किया गया।
