ग्वालियर. फायनेंस कंपनी के कर्मचारी से कट्टा अड़ाकर नगदी, मोबाइल व टेबलेट लूट करने वाले 2 बदमाशों को मुरैना से पकड़ा गया है। पकड़े गये लुटेरों से लूटा गया माल समेत कट्टा और मोटरसाईकिल बरामद हुई है। पुलिस को पूछताछ में पता चला है कि यह गैंग ग्वालियर-चम्बल अंचल के साथ ही उत्तरप्रदेश व राजस्थान में भी घटनाओं को अंजाम देता था। अब पुलिस पकड़े गये लुटेरों से पूछताछ कर अन्य घटनाओं का पता लगाने में जुट गयी है।
यह था पूरा मामला
हाइवे के आंतरी थाने के प्रभारी रमाकांत उपाध्याय ने बताया डबरा निवासी अनिल सिंह गुर्जर फाइनेंस कर्मचारी हैं और अभी समस्था फाइनेंस कंपनी में रिकवरी एजेंट है। समस्था फाइनेंस ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत समूहों को आर्थिक मदद करने फाइनेंस करती है। अनिल उनसे वसूली कर कंपनी में जमा कराते है। जनवरी माह में वह वसूली कर वापस आ रहा था कि तभी हाइवे पर आंतरी के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे ओवर टेक कर रोका। वह कुछ समझ पाता उससे पहले ही दो बदमाश उसके पास पहुंचे और कनपटी पर कट्टा अड़ा दिया। बदमाशों ने उससे बैग छीन लिया। बैग में नगदी 13 हजार 500 रुपए तथा एक टेबलेट तथा मोबाइल रखा था। बैग लूट के बाद बदमाश भाग निकले तो पीडि़त ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद लूट का मामला दर्ज कर लिया।
3 दिन पहले बेचा था टेबलेट
3 दिन पूर्व लूटा गया टेबलेट स्टार्ट किया तो पुलिस अलर्ट हुई और मोबाइल नम्बर के आधार पर टेबलेट चला रहे युवक तक पहुंची तो पता चला कि यह उसने एक युवक से पिछले दिनों ही लिया है। इसका पता चलते ही पुलिस दूसरे युवक और तीसरे युवक तक पहुंची और इसके बाद लुटेरों तक जा पहुंची। पुलिस ने दो को दबोचा है। पकड़े गये लुटेरों से पूछताछ में उनकी पहचान लोकेन्द्र किरार निवासी धौलपुर और कल्ला किरार निवासी सुमावली के रूप में हुई और साथ ही पता चला है कि तीसरे लुटेरों का नाम रवि किरार निवासी सुमावली है।
और भी लूटों का हो सकता खुलासा
पुलिस अधिकारियों की माने तो पकड़े गये लुटेरों से पूछताछ के बाद अन्य घटनाओं का खुलासा हो सकता है। पुलिस टीम पकड़े गये आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने बताया कि
एएसपी ग्रामीण जयराज कुबेर ने बताया कि क्या फायनेंस कर्मचारी से लूट करने वाले 2 बदमाशों को पकड़ लिया गया है। जबकि एक बदमाश की तलाश में पुलिस सर्चिंग कर रही है। जल्द ही फरार आरोपी को पकड़ लिया जायेगा।
