मुस्लिम महिलाओं को निशाना बनाने वाले बुल्ली बाई एप मामले में मुंबई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी महिला को हिरासत में लिया है और एक सह आरोपी को गिरफ्तार किया है।
'बुल्ली बाई एप' मामले में मुंबई पुलिस की साइबर सेल ने मंगलवार को एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इस व्यक्ति की पहचान विशाल कुमार के रूप में हुई है। 21 वर्षीय विशाल इंजीनियरिंग का छात्र है और उसे सोमवार को बेंगलुरु से हिरासत में लिया गया था।
इसे लेकर मुंबई पुलिस ने बताया है कि मामले में मुख्य आरोपी एक महिला है जिसे उत्तराखंड से हिरासत में लिया गया है। दोनों आरोपी एक दूसरे को जानते हैं। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी महिला बुल्ली बाई एप से संबंधित तीन अकाउंट का संचालन कर रही थी।पुलिस ने आगे बताया कि मामले में सह आरोपी विशाल कुमार ने खालसा सुप्रीमैसिस्ट (Khalsa Supremacist) के नाम से एक अकाउंट शुरू किया था। इसके बाद 31 दिसंबर 2021 को उसने अन्य अकाउंट के नाम भी बदल कर सिख नामों से मिलते-जुलते कर दिए थे।