दमोह में पहले राउंड में कांग्रेस के अजय टंडन भाजपा के राहुल सिंह लोधी से आगे



दमोह विधानसभा उपचुनाव में सुबह 8 बजे से पालिटेक्निक कालेज परिसर में डाक मतपत्राें की गणना के साथ मतगणना की प्रक्रिया जारी है। पहले राउंड में कांग्रेस के अजय टंडन को 3702 वोट और भाजपा के राहुल सिंह लोधी को 2069 वोट मिले। कांग्रेस प्रत्याशी इस राउंड में 1633 मतों से आगे रहे। कोरोना वैक्सीन के दोनों डोज लगवा चुके कर्मचारी ही मतगणना कर रहे हैं, इसके पहले इनका कोविड टैस्ट भी करवाया गया है।यहां 22 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें मुख्य मुकाबला भाजपा प्रत्याशी राहुल सिंह लोधी और कांग्रेस प्रत्याशी अजय टंडन के बीच है। मतगणना स्थल पर भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी दोनों अचानक आमने-सामने हो गए, फिर एक-दूसरे को अनदेखा कर आगे बढ़ गए। 17 अप्रैल को उपचुनाव में दमोह सीट पर कुल 59.81 फीसद मतदान हुआ था, जबकि इसके पहले 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में ये 74.45 फीसद था। पहले इस सीट पर राहुल सिंह लोधी कांग्रेस की ओर से विधायक थे, बाद में उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया और भाजपा का दामन थाम लिया। दमोह सीट पर उपचुनाव की घोषणा के बाद भाजपा ने राहुल सिंह लोधी को ही यहां से अपना प्रत्याशी बनाया। अब आज मतगणना से तय होगा कि जनता उनके इस निर्णय का साथ दिया है या नहीं।

उपचुनाव में दोनों ही पार्टियों ने अपना पूरा जोर लगा दिया है। भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान चार बार दमोह में आम सभा करने आए थे वहीं उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दमोह में ही डेरा डाले रहे और कैबिनेट के सभी मंत्री और विधायकों ने भी भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार किया था। कांग्रेस की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ तीन बार दमोह आए थे और अजय टंडन के पक्ष में रोड शो भी किया था।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने