🔴 BREAKING NEWS
Loading...

हिमालयी बर्फीली हवाओं से उत्तर भारत ठिठुरा, कड़ाके की ठंड से नहीं मिलेगी राहत

 हिमालयी क्षेत्र से चलने वाली बर्फीली हवाओं के कारण ठिठुरन का कहर बढ़ गया है और आने वाले दिनों में भी कड़ाके की सर्दी से निजात नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत में रात का तापमान सामान्य से कम बना रहने की वजह से अगले हफ्ते भी ठि‍ठुराने वाली ठंड जारी रहेगी। खबरों के मुताबिक, राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली और श्रीनगर में शनिवार को इस सीजन का सबसे न्‍यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार और मंगलवार को कश्मीर के दूरदराज इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है। यही नहीं अगले 24 दिसंबर तक उत्तर-पश्चिम, मध्य एवं पूर्वी भारत के अधिकतर हिस्‍सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-6 डिग्री सेल्सियस नीचे रह सकता है। इससे शीतलहर के साथ ठिठुरन बढ़ेगी। मौसम का पूर्वानुमान जारी करने वाली निजी एजेंसी स्‍काईमेट वेदर के मुताबिक, 21 दिसंबर तक उत्तर भारत में सर्द हवाएं चलेंगी।

दिल्‍ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 3.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जबकि श्रीनगर में पारा लगातार शून्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। सफदरजंग में न्‍यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री नीचे 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में भी राजधानी दिल्‍ली में ठंड का प्रकोप जारी रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी हिमालयी से चलने वाली बर्फीली हवाओं के कारण दिल्‍ली एनसीआर में शीत लहर का प्रकोप है।
हिमाचल प्रदेश के केलांग में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। केलांग में तापमान गिरकर शून्य से नीचे -12.1 डिग्री सेल्सियस पर चला गया। वहीं पंजाब और हरियाणा में भी शीतलहर तेज हुई है। आदमपुर में पारा शून्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जो दोनों राज्यों में सबसे कम है। राजस्थान के अधिकांश इलाकों में भी कड़ाके की सर्दी जारी है। माउंट आबू में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.4 डिग्री नीचे जबकि चुरू में शून्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।


उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बल्तिस्तान, मुजफ्फराबाद, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलावा मध्य प्रदेश में भी शीत लहर के चलते कड़ाके की सर्दी जारी है। जम्‍मू-कश्‍मीर में सोमवार से चिल्लई-कलां शुरू हो रहा है जो 40 दिन तक चलेगा। इस दौरान भारी बर्फबारी की आशंकाएं होती है। पंजाब, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल के हिमालयी क्षेत्र, मेघालय और त्रिपुरा में कई जगहों पर घने कोहरे के चलते भी आम आदमी की समस्‍याएं बढ़ गई है। मध्य प्रदेश के अधिकांश इलाकों में पिछले 24 घंटे से शीत लहर चल रही है। मौसम विभाग ने कई स्थानों पर रविवार सुबह तक सर्द मौसम बना रहने का पूर्वानुमान जताया है। ग्वालियर, चंबल और शहडोल के साथ ही रीवा, सतना, सागर और छतरपुर में कुछ स्थानों पर रविवार सुबह तक शीत लहर चलने की बात मौसम विभाग की ओर से कही गई है। पंजाब में के आदमपुर में न्‍यूनतम तापमान शून्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।  

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar