इंदौर-जबलपुर के बीच शुरु हो सकती है फ्लाइट


भोपाल । य‎दि सबकुछ ठीक रहा तो अगले साल से इंदौर-जबलपुर के बीच फ्लाइट शुरु हो सकती है।बार एसोसिएशन ने फ्लाइट शुरू करने के लिए देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट प्रबंधन को एक पत्र भी लिखा है। पत्र में कहा गया है कि जल्द ही कोई फ्लाइट इन दोनों शहरों के बीच में शुरू की जाए। इधर प्रबंधन ने भी तत्परता दिखाते हुए इंदौर को अपना बेस बनाने जा रही निजी एयरलाइंस फ्लाईबिग को इस संबंध में जानकारी दी है। प्रबंधन सूत्रों के मुताबिक बीते दिनों बार एसोसिएशन की तरफ से आए पत्र में उन्होंने कहा था कि इंदौर से रोजाना दर्जनों वकीलों को जबलपुर उच्च न्यायालय जाना होता है। ऐसे में उनके सामने केवल ट्रेन या सड़क मार्ग का विकल्प रह जाता है। इसमें समय काफी अधिक लगता है। अगर कोई फ्लाइट होगी तो वह लोग सुबह जाकर शाम तक वापस इंदौर आ सकेंगे। प्रबंधन के अनुसार हमने इस बारे में फ्लाईबिग के अधिकारियों को बताया है। उन्हें यह प्रस्ताव काफी अच्छा लगा है। वह अपने सभी विमानों के आने के बाद जबलपुर, इंदौर और पुणे इस रूट पर विमान सेवा शुरू कर सकते हैं। कंपनी अपनी सेवाओं के लिए तीन विमान लिखकर आ रही है पहले दौर में अहमदाबाद, रायपुर और भोपाल के लिए सेवा शुरू करेगी इसके बाद जबलपुर सहित दूसरे शहरों के लिए सेवा शुरू करेगी। लॉकडाउन के कारण कंपनी को सेवाएं शुरू करने में देरी हो गई है, लेकिन अब जब हालात सामान्य हो रहे हैं तो इसके शुरू करने के प्रयास में तेजी आ गई है। बीते दिनों डीजीसीए की टीम ने इसी संबंध में इंदौर एयरपोर्ट का दौरा भी किया था।बता दें कि कुछ साल पहले इंदौर से जबलपुर के बीच एक निजी कंपनी एयर टैक्सी चलाने वाली थी, लेकिन किसी कारणवश वह शुरू नहीं हो पाई थी।बार एसोसिएशन की पूरजोर मांग के मददेनजर माना जा रहा है ‎कि अगले साल से इंदौर-जबलपुर के बीच फ्लाइट शुरु हो सकती है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने