बिहार चुनाव के रुझानों से कहीं खुशी तो कहीं पसरा सन्नाटा

 


बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर मंगलवार को चल रही मतगणना के पहले दौर में राजग को मिली बढ़त के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल (युनाइटेड) कार्यालय में जहां जश्न का माहौल बनने लगा है, वहीं राजद कार्यालय में दो-चार कार्यकर्ता ही नजर आ रहे हैं।

प्रारंभिक तौर पर मिले रूझानों के बाद भाजपा और जदयू कार्यालय में कार्यकर्ता पहुंचने लगे और कार्यकर्ताओं की खुशी का ठिकाना नहीं है। नतीजे आने से पहले ही भाजपा और जदयू के कार्यालयों में कार्यकर्ताओं का आना शुरू हो गया है। लोग को ढोलक, बैंड-बाजे के साथ खुशियां मना रहे हैं। इस दौरान कार्यकर्ता शंख बजाकर शंखनाद भी कर रहे हैं।

इधर, भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं की भीड़ लगी हुई है। लोग भाजपा जिंदाबाद, नरेंद्र मोदी जिंदाबाद, हर-हर महादेव के नारे लगा रहे हैं। साथ ही लोग खुशी में ढोलक भी बजा रहे हैं। कमोबेश यही हाल जदयू कार्यालय का है।

इधर, राजद कार्यालय में दो-चार कार्यकर्ता नजर आ रहे हैं। मंगलवार को मतगणना प्रारंभ होने के समय पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर कार्यकर्ताओं की भीड़ थी, लेकिन जैसे-जैसे मतगणना का दौर आगे बढ़ता गया भीड़ कम होती चली गई। कई कार्यकर्ता राबड़ी आवास राजद नेता तेजस्वी यादव की तस्वीर लेकर भी पहुंचे थे।

तेजस्वी की तस्वीर लेकर आए एक कार्यकर्ता ने कहा, तेजस्वी यादव के नेतृत्व में नया बिहार बनेगा।

तेजस्वी यादव के युवा समर्थक हाथों में गुलदस्ते लेकर भी यहां पहुंचे। यहां पहुंचने वालों में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद के प्रशंसक भी शामिल थे। इस बीच, हालांकि पार्टी के कई नेता राबड़ी आवास के अंदर मौजूद बताए जाते हैं।

भाजपा मुख्यालय में जहां एक तरफ जश्न की तैयारियां शुरू हो रही हैं तो वहीं विपक्षी दल कांग्रेस के मुख्यालय में सन्नटा पसरा हुआ है। हाल ये हो गया है कि कांग्रेस मुख्यालय के मैदान में सिर्फ बंदर और उल्टी कुर्सियां नजर आ रही हैं। सुबह शुरू हुए रुझानों के वक्त कांग्रेस मुख्यालय में प्रवक्ताओं द्वारा मीडिया चैनलों को जीत के दावे किए जा रहे थे। लेकिन शाम होते होते कांग्रेस प्रवक्ता नदारद हो चुके हैं। वहीं मीडिया भी धीरे-धीरे गायब होती नजर आ रही है। मौजूदा स्थिति की बात करें तो मुख्यालय में सिर्फ आम कर्मचारी ही उपस्थित हैं, जिन्हें चुनावी नतीजों से कोई मतलब नहीं है।

हालांकि हरियाणा उपचुनाव को लेकर कांग्रेस नेत्री कुमारी शैलजा ने जरूर मीडिया से बात की और खुशी जाहिर की, वहीं उन्होंने बिहार चुनाव पर कहा, "नतीजे आने में अभी समय है, इंतजार करिए।"

अक्सर कांग्रेस मुख्यालय में खासतौर पर चुनावों के वक्त बड़े प्रवक्ता नजर आया करते थे, लेकिन इस बार कांग्रेस का एक भी बड़ा नेता शाम तक कांग्रेस मुख्यालय में नहीं आया है। हालांकि यह भी कहा जा सकता है कि कोरोना के चलते नेता कांग्रेस मुख्यालय आने से बच रहे हैं।

बिहार में इस बार तीन चरणों में मतदान कराए गए। पहले चरण में 28 अक्टूबर को 71 सीटों के लिए मतदान हुआ, दूसरे चरण में तीन नवंबर को 94 सीटों के लिए और तीसरे चरण में सात नवंबर को 78 सीटों के लिए मतदान हुआ।

बिहार विधानसभा में कुल 243 सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए मैजिक नंबर 122 है। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 29 नवंबर को समाप्त हो रहा है। हालांकि शाम तक जो नतीजे आ रहे हैं, उसमें एनडीए को बढ़त मिलती नजर आ रही है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar