नई दिल्ली: कोरोना संकट के दौर में अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए केंद्र सरकार तमाम तरह की योजनाएं ला रही है और लोग जमकर इसका फायदा भी उठा रहे हैं। इन योजनाओं के जरिए लोग कोरोना संकट की वजह से जिन लोगों की आजीविका पर सबसे ज्यादा असर पड़ा, वो इसका भरपूर फायदा उठा रहे हैं और अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रहे हैं।
ऐसे ही एक योजना का नाम है स्वनिधि योजना। केंद्र सरकार ने कम आय वाले लोगों की मदद के लिए इस योजना की शुरुआत की है। कोरोना संकट के बीच लॉन्च पीएम स्वनिधि योजना का लाभ बड़े पैमाने पर लोग उठा रहे हैं। कोरोना संकट के बीच 2 जुलाई को इस योजना की शुरुआत हुई थी। पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत 25 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। जबकि 12 लाख से ज्यादा लोगों के आवेदन मंजूर हो चुके हैं।
इस योजना के तहत केंद्र सरकार लॉकडाउन की वजह से प्रभावित रेहड़ी-पटरी वालों को दोबारा कारोबार शुरू करने के लिए पूंजी मुहैया करा रही है। इस योजना के तहत रेहड़ी पटरी (स्ट्रीट वेंडर्स) वालों को 10 हजार रुपये का लोन मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कहना है कि इस योजना का मकसद सिर्फ कर्ज देना नहीं है, बल्कि इसे रेहड़ी-पटरी वालों के समग्र विकास और आर्थिक उत्थान के परिप्रेक्ष्य में देखा जाना चाहिए।
आगर आप भी इस योजना का लाभ उठाना चाहते हैं तो आपको भी बिना किसी गारंटी 10,000 रुपये तक लोन मिल सकता है। इसके लिए आप अपने नजदीकी बैंक में जाकर इस योजना के तहत 10 हजार रुपये लोन लेकर करोबार शुरू कर सकते हैं।
