केंद्र सरकार ने राज्यों को दिये तीन करोड़ से अधिक एन95 मास्क

नयी दिल्ली । केंद्र सरकार ने कोरोना वायरस कोविड-19 के खिलाफ जंग में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के बीच 11 मार्च से अब तक तीन करोड़ से अधिक एन95 मास्क, सवा करोड़ से अधिक पीपीई किट, करीब 11 करोड़ हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन टैबलेट और 22,533 वेंटिलेटर वितरित किए हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने गुरुवार को यह जानकारी दी कि केंद्र सरकार ने 11 मार्च से अब तक राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों को निशुल्क 3.04 करोड़ से अधिक एन95 मास्क, 1.28 करोड़ से अधिक पीपीई किट और 10.83 करोड़ से अधिक हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन टैबलेट वितरित की हैं। इसके अलावा स्वदेश निर्मित 22,533 वेंटिलेटर भी दिये गये हैं।
मंत्रालय ने कहा कि कोविड-19 के संक्रमण के प्रसार पर रोकथाम लगाने और उसके प्रबंधन में जुटे राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों की तरफ मदद का हाथ बढ़ाते हुए केंद्र सरकार स्वास्थ्य संबंधी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और इसके प्रभावी प्रबंधन में लगी है। केंद्र सरकार साथ ही राज्यों को निशुल्क मेडिकल आपूर्ति कर रही है। शुरूआत में केंद्र सरकार द्वारा प्रदत्त अधिकतर सामान स्वदेश निर्मित नहीं थे। कोरोना के कारण विदेशी बाजार में जल्द ही मेडिकल आपूर्ति की किल्लत होने लगी।
इसके बाद केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के साथ अन्य केंद्रीय मंत्रालयाें ने मिलकर घरेलू विनिर्माण उद्योग को बढावा दिया। इसके परिणाम स्वरूप आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया को मजबूती मिली और अब केंद्र सरकार द्वारा दी जाने वाली अधिकतर मेडिकल आपूर्ति स्वदेश निर्मित है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar