केरल के बाद हिमाचल प्रदेश में मानवता शर्मसार, हथिनी के बाद गर्भवती गाय को खिलाया विस्फोटक

बिलासपुर : केरल के मलप्पुरम में एक गर्भवती हथिनी के विस्फोटक खाने से मौत ने पूरे देश को हिला कर रख दिया, लेकिन हिमाचल प्रदेश
 में ऐसा ही हैरान करने वाला एक और मामला सामने आया है। यहां एक गर्भवती गाय को विस्फोटक का गोला बनाकर खिला दिया। इससे गाय बुरी तरह जख्मी हो गई है।
मामला हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर का है। गाय के मालिक ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर डाला है, जो तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है। घटना की गंभीरता को समझते हुए मामले की छानबीन की जा रही है।
केरल में गर्भवती हथिनी को बनाया था निशाना
केरल के मलप्पुरम में किसी शख्स ने एक 15 वर्षीय हथिनी को पटाखों से भरा अनानास खिला दिया था, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गई थी। एक सप्ताह बाद वेलियार नदी में उसकी मौत हो गई। सोशल मीडिया पर घटना को लेकर काफी आक्रोश देखा गया था। 
मामला बढ़ता देख राज्य और केंद्र सरकारों ने इस पर हस्तक्षेप करते हुए तुरंत कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इस मामले में पुलिस ने शुक्रवार को एक शख्स को गिरफ्तार किया था। केरल के वन मंत्री के. राजू ने जानकारी देते हुए बताया कि एक शख्स की गिरफ्तार हुई है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
इससे पहले केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कहा था कि जांच टीमों की नजर तीन संदिग्धों पर है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय मंत्रियों सहित कुछ लोग घटना का इस्तेमाल राज्य की छवि खराब करने के लिए कर रहे हैं।
और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar