राष्ट्रपति लेंगे 30 प्रतिशत कम वेतन, कोविड-19 से लड़ाई के लिए खर्चों में की कटौती की घोषणा

नई दिल्ली : राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कोविड-19 महामारी के खिलाफ लड़ाई में सरकार को सहयोग देने के लिये अपने वेतन में 30 प्रतिशत की कटौती करने सहित कई अन्य व्यर्थ के खर्चों को खत्म करने की घोषणा की। राष्ट्रपति भवन द्वारा बृहस्पतिवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, खर्च कम करने और सामाजिक दूरी की पाबंदी का पालन करने के लिये राष्ट्रपति के घरेलू यात्रा एवं अन्य कार्यक्रमों को काफी कम किया जायेगा।
इसमें कहा गया है कि एट होम एवं राजकीय आयोजन में भी अतिथियों की सूची को छोटा रखा जायेगा और इसमें खाद्य सामग्री, फूलों एवं साज—सज्जा की वस्तुओं को भी कम किया जायेगा। राष्ट्रपति कोविंद ने राष्ट्रपति के उपयोग में आने वाले लिमोजिन वाहन की खरीद को भी टाल दिया है। 
राष्ट्रपति भवन में मरम्मत एवं रख—रखाव के कार्यों को भी कम किया जायेगा, जो वहां की सम्पत्ति एवं वस्तुओं को दुरूस्त रखने के लिये होता है। राष्ट्रपति भवन चालू वित्त वर्ष में कोई नया पूंजीगत कार्य हाथ में नहीं लेगा और केवल पहले से जारी कार्यों को पूरा किया जायेगा। 
राष्ट्रपति कोविंद ने राष्ट्रपति भवन को यह निर्देश कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई के समय में धन एवं संसाधनों का उपयुक्त इस्तेमाल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिया है। राष्ट्रपति ने अपने ट्वीट में कहा कि ऐसा अनुमान है कि इन कदमों से चालू वित्त वर्ष में राष्ट्रपति भवन के बजट की करीब 20 प्रतिशत राशि बचाई जा सकेगी।
और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar