चोर को चोरी करना पड़ा महंगा, टीनशेड में फंसी गर्दन, पुलिस ने मुश्किल से निकाला शव

रतलाम: मध्य प्रदेश के रतलाम में एक चोर को चोरी करना इतना महंगा पड़ गया कि उसकी जान चली गई. दरअसल, पाइप गोदाम में घुसने का प्रयास कर रहा चोर की गर्दन स्टील की टीन के बीच फंस गई थी. इस दौरान उसकी दम घुंटने से मौत हो गई. सोमवार सुबह पुलिस ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद शव बाहर निकाला.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रतलाम में एक पाइप गोदाम में चोरी करने के प्रयास में घुस रहे चोर की टीनशेड से नीचे उतरने के दौरान उसकी गर्दन फंस गई. तड़प-तड़प कर चोर ने दम तोड़ दिया, सोमवार को सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला. 
पाइप मोटर के गोदाम में पीछे की तरफ टीनशेड के बीच एक युवक की गर्दन फंसी देख इलाके में हड़कंप मच गया. गोदाम विजय मूणत का था. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को निकालने के प्रयास में डेढ़ घंटा मशक्कत की. जिसके बाद टीन शेड के एक पतरे को खोलना पड़ा और इसके बाद शव को निकाला जा सका.
फिलहाल यही आशंका जताई जा रही है कि चोरी की नीयत से टीनशेड से पाइप गोदाम में घुसने का प्रयास किया गया. इस दौरान टीनशेड में गर्दन फंस गई. वहीं, जिस गोदाम में शव मिला, वहां अकेले चोरी करना संभव नहीं है, इसलिए यह भी आशंका जताई जा रही है कि अन्य साथी इस चोर के फंसने के कारण चिल्लाने की आवाज से भाग निकले होंगे. इसी के चलते टीनशेड में फंसे चोर की तड़प-तड़प कर मौत हो गई. 
हालांकि पुलिस अब मृतक की शिनाख्त के प्रयास में लगी है. मृतक के पास से जिले के बाजना के कुछ बिल मिले हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही मृतक के शिनाख्त कर ली जाएगी. संभवत इसके साथियों के नाम भी सामने आ जाएंगे. 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar