सूरत का युवक MP में गिरफ्तार:सोशल मीडिया पर जबलपुर की युवती से की थी दोस्ती
एमपी पुलिस ने सूरत के एक युवक को गिरफ्तार किया है। गुरुवार 26 अगस्त को ये गिरफ्तारी स्टेट सायबर सेल ने जबलपुर रेलवे स्टेशन के पास की। युवक को वर्ष 2019 से पुलिस को तलाश थी। आरोपी ने सोशल मीडिया पर शहर की एक युवती से दोस्ती की और अनफॉलो करने पर फेक आईडी बनाकर एडिट की हुई युवती की अश्लील फोटो वायरल करने लगा था।
स्टेट सायबर सेल के मुताबिक 20 वर्षीय पीड़िता बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई करती है। 2018 में सोशल मीडिया पर उसकी दोस्ती बाम्बे मार्केट सूरत निवासी जितेंद्र कुमार प्रजापति (22) से हुई थी। जितेंद्र प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। युवती के साथ उसकी चैटिंग पर बात होने लगी थी। जितेंद्र युवती से प्यार करने लगा। उसने चैटिंग में युवती से मर्यादा लांघ कर बात की। इसके चलते अप्रैल 2019 में युवती ने उसे अनफालो कर दिया।
रामपाल नाम से फेक आईडी बनाई
आरोपी जितेंद्र ने कई बार अपनी आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजा, लेकिन युवती ने स्वीकार नहीं किया। इसके बाद उसने रामपाल नाम से फेक आईडी बनाई। इस बार भी उसने युवती को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजा। इसे भी अस्वीकार करने पर वह बौखला गया। उसने युवती को बदनाम करने का प्रयास किया। आरोपी युवती की फोटो को एडिट कर आपत्तिजनक तस्वीर उसके दोस्तों, परिचितों को भेजने लगा। 16 अप्रैल 2019 को युवती ने स्टेट सायबर सेल में शिकायत दर्ज कराई थी।
दो साल बाद आरोपी हुआ गिरफ्तार
स्टेट सायबर सेल ने आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए कई बार टीम सूरत भेजी, लेकिन आरोपी नहीं मिला। गुरुवार को स्टेट सायबर सेल को सूचना मिली कि आरोपी जबलपुर आया हुआ है। टीम ने रेलवे स्टेशन पर पहुंच कर आरोपी को दबोच लिया। आरोपी को स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाएगा। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह युवती को सबक सिखाने के लिए उसकी अश्लील फोटो वायरल कर रहा था। हालांकि शिकायत के समय ही स्टेट सायबर सेल ने आरोपी के फेक आईडी को ब्लॉक करा दिया था।
Tags
Top
