ऑस्ट्रेलिया के दूसरे सबसे बड़े शहर मेलबोर्न में कोरोना संक्रमण बढ़ने से आगे बढ़ा लॉकडाउन
कैनबरा। ऑस्ट्रेलिया के दूसरे सबसे बड़े शहर मेलबर्न में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। इसे देखते हुए यहां लाकडाउन की अवधि बढ़ा दी गई है, जबकि सिडनी में डेल्टा स्वरूप के फैलने के बावजूद प्राधिकारियों ने कहा कि वे उन निवासियों को पाबंदियों में छूट देने पर विचार कर रहे हैं जिन्होंने टीका लगवा लिया है।ऑस्ट्रेलियाई शहरों में कोरोना संक्रमण फैलने से रोकने के लिए लॉकडाउन लगाया गया था, जो काफी हद तक सफल रहा। अत्यधिक संक्रामक डेल्टा स्वरूप देश में नई चुनौतियां पैदा कर रहा है, जहां टीकाकरण की दर कम है। विक्टोरिया राज्य की सरकार ने बुधवार को कहा कि मेलबर्न का छठा लॉकडाउन 19 अगस्त के अंत तक दूसरे हफ्ते के लिए बढ़ाया जाएगा।
शहर में 24 घंटे के दौरान संक्रमण के 20 नए मामले सामने आए हैं। विक्टोरिया के प्रमुख डेनियल एंड्रयूज ने कहा यह बहुत चुनौतीपूर्ण है। मैं जानता हूं कि प्रत्येक विक्टोरिया निवासी चाहेगा कि उनके काम चलते रहें, वे आजादी चाहेंगे जो डेल्टा स्वरूप के कारण संभव नहीं है। अगर हम गतिविधियां खोलने की अनुमति देते हैं तो संक्रमण उतना ही बढ़ जाएगा, जितना अभी सिडनी में हैं।
ऑस्ट्रेलिया के सबसे बड़े शहर सिडनी में बुधवार को संक्रमण के 344 नए मामले सामने आए। यहां सबसे अधिक 356 मामले मंगलवार को सामने आए थे। रात में कोरोना के दो मरीजों की मौत हो गई। सिडनी में 26 जून को लगाए गए लॉकडाउन की अवधि 28 अगस्त को खत्म होनी है, लेकिन संक्रमण के प्रसार पर काबू पाने की उम्मीदें फीकी पड़ रही हैं। बहरहाल, न्यू साउथ वेल्स की प्रमुख ग्लेडी बेरेजिकलियान ने कहा कि सितंबर से 50 लाख की आबादी वाले शहर के कुछ हिस्सों में उन निवासियों को पाबंदियों से छूट मिल सकती है जिन्होंने टीका लगवा लिया है।
Tags
Top
