जबलपुर। रेलवे स्टेशन के पास स्थित कैरव्स के सामने शनिवार की शाम भीषण आग लग गई। आग से रोहित स्वीट्स कॉर्नर नामक होटल जलकर खाक हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने अगल-बगल की दुकानों को आग की चपेट में आने से बचाने के साथ ही होटल की आग बुझाई। घटना में एक से डेढ़ लाख रूपए का नुकसान बताया जा रहा है। बताया जाता है कि घटना के दौरान भीतर रखे सिलेण्डर फटे और तेज धमाके हुए। इससे आसपास भगदड़ की स्थिति निर्मित हो गई।
जानकारी के अनुसार दमकल विभाग को शाम 5.40 बजे सूचना मिली कि स्टेशन रोड पर कैरव्स के सामने रोहित स्वीटस कार्नर नामक होटल में भीषण आग लग गई है। सूचना मिलते ही दो दमकल वाहन व एक सुदर्शन टैंकर मौके के लिए रवाना किया गया। जानकारी मिलते ही निगम के फायर अधीक्षक कुशाग्र ठाकुर भी पहुंच गए। दमकल कर्मी जब तक मौके पर पहुंचे तब तक आग ने भीषण रूप धारण कर लिया था। तेजी से फैली आग अगल-बगल की दुकानों को भी अपने घेरे में लेने वाली थी। इससे मौके पर हड़कंप की स्थिति थी। दमकल कर्मियों ने सबसे पहले अगल-बगल की दुकानों तक आग फैलने से रोकी। इसके बाद काफी मशक्कत कर आग पर काबू पाया गया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना मेंं खान-पान सामग्री, फर्नीचर, शोकेस आदि सामान जलकर खाक हो गया।